नए जिलों के गठन पर कांग्रेस में मतभेद, अपने ही मंत्रियों के बीच सहमति नहीं बना पा रहा नेतृत्व : सुरेश कश्यप
संविधान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हमारा सामूहिक दायित्व
सोलन, 27 नवंबर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, सोलन में भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूपित भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बाबा साहेब एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, ताकि संविधान के महत्व और गौरव को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए सुरेश कश्यप ने नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस के भीतर सामने आ रहे मतभेदों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के मंत्री और विधायक इस विषय पर अलग-अलग राय व्यक्त कर रहे हैं। इससे सरकार की नीतिगत स्पष्टता और नेतृत्व के बीच समन्वय पर सवाल उठ रहे हैं।

