कुल्लू सड़क हादसे में भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी सहित सात लोग घायल
शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाहू से कार में विधायक सुरेंद्र शौरी बंजार की ओर आ रहे थे। यह सभी बालों के पांजो पर्व में शरीक होने गए थे। बाहू के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे लुढ़क गई।

जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार के बाहू में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार बंजार के भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी सहित सात लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल लाया गया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस में बंजार अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि विधायक सुरेंद्र शौरी किसी और की गाड़ी में सफर कर रहे थे। हादसे में घायल हुए लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


