आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगी हिमाचल की रेणुका व हरलीन
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की प्रदेश महिला टीम की खिलाड़ी हरलीन दियोल व रेणुका सिंह का चयन भारतीय टीम के लिए हुआ है। एसोसिएशन के लिए यह गौरव की बात है। हिमाचल प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी हरलीन दियोल व रेणुका सिंह का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में आस्ट्रेलिया दौरे के लिए टी-20 टीम में चयन किया गया है। हरलीन दियोल 2019 से इंडियन महिला टीम में खेल रही है, जबकि रेणुका सिंह का पहली बार इंडिया महिला टीम में चयन हुआ है।

रेणुका सिंह हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से संबंध रखती हैं और उन्होंने अपनी प्रारंभिक ट्रेनिंग धर्मशाला आवासीय महिला क्रिकेट अकादमी से की है। दो जनवरी 1996 को जन्मी रेणुका सिंह ने 2011 में अंडर-19 हिमाचल प्रदेश क्रिकेट टीम से अपने करियर की शुरुआत की थी और सत्र 2018-19 में महिला अंडर-23 टी-20 चैलेंजर ट्राफी व महिला सीनियर चैलेंजर ट्राफी में भाग लिया था।

साल 2019 में रेणुका सिंह ने इंडियन बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन व इंग्लैंड महिला टीम के बीच हुए मैच में भाग लिया था। इसके अतिरिक्त 2019-20 में इंडिया ए टीम के लिए भी रेणुका का चयन हुआ था। जिसने आस्ट्रेलिया ए टीम के विरुद्ध मैच खेला था तथा उन्होंने महिला टी-20 चैलेंजर 2019-20 और महिला टी-20 कुआदीरंगुलर सर्विस 2019-20 में भी भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुमित शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जाहिर की है और विश्वास जताया है कि चयनित खिलाड़ियों से सीख लेते हुए हिमाचल महिला टीम के अन्य खिलाड़ी भी आने वाले दिनों में भारतीय टीम में स्थान पाने के लिए सफल प्रयास करेंगे। वहीं, एचपीसी के अन्य पदाधिकारियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।


