हिमाचल में खत्म हुई पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल समाप्त हो गई है। इससे आम जनता ने राहत की सांस ली है और अब रुके हुए राजस्व कार्य फिर से सुचारू रूप से शुरू हो सकेंगे। बुधवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ हुई बैठक में पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया।पटवारी-कानूनगो महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि सरकार के साथ हुई बातचीत संतोषजनक रही। यह सुनिश्चित कर दिया गया कि स्टेट कैडर व्यवस्था के तहत उनकी पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए सभी पटवारियों और कानूनगो से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटने की अपील की
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि बैठक के दौरान महासंघ की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ को यह स्पष्ट कर दिया कि राज्य सरकार द्वारा जारी स्टेट कैडर की अधिसूचना से पटवारी और कानूनगो की पदोन्नति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा उनकी अन्य मांगों पर भी सहमति बनी। इसके बाद महासंघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।