हिमाचल के वरिष्ठ नेता व पूर्व परिवहन मंत्री केवल सिंह पठानिया का निधन
हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता और पूर्व परिवहन राज्य मंत्री वजीर केवल सिंह पठानिया का बुधवार रात 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह बीते कुछ समय से अस्वस्थ थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिवार उन्हें नूरपुर अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।वजीर केवल सिंह पठानिया का राजनीतिक जीवन संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। सादगी और ईमानदारी के लिए पहचाने जाने वाले पठानिया ने अलग-अलग दलों से चुनाव लड़कर जनसेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने नूरपुर और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और वीरभद्र सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में कार्य किया। वह दो बार विधायक और एक बार मंत्री भी रहे।परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार वीरवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा, जहां राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की संभावना है।