Third Eye Today News

सोलन की जनता के लिए बड़ी राहत: मां शूलिनी सेवा दल 22 नवंबर से शुरू करेगा फ्री ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर बैंक

Spread the love

मां शूलिनी सेवा दल सोलन की जनता के लिए एक और बड़ी मानव सेवा की शुरुआत करने जा रहा है। दल 22 नवंबर 2026 से फ्री ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर बैंक शुरू करेगा। शुक्रवार को सोलन में प्रेसवार्ता के दौरान सेवादल के अध्यक्ष सुशील चौधरी ने बताया कि इस बैंक का मुख्य उद्देश्य यह है कि सोलन में किसी भी जरूरतमंद मरीज को आपातकालीन स्थिति में समय पर ऑक्सीजन मिल सके। कई बार अस्पताल से घर आने के बाद, या अस्पताल पहुंचने से पहले मरीज को ऑक्सीजन की तत्काल जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सिलेंडर या कंसंट्रेटर खरीदने में काफी दिक्कत होती है। इसी समस्या को देखते हुए दल ने यह निःशुल्क सेवा शुरू करने का फैसला लिया है।

कैसे मिलेगा लाभ?
जरूरतमंद परिवार दल से संपर्क कर डॉक्टर की सलाह / पर्ची के आधार पर एक निश्चित समय के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर या सिलेंडर निःशुल्क ले सकेंगे। मरीज के ठीक होने के बाद उसे वापस करना होगा, ताकि वह दूसरे जरूरतमंद के काम आ सके।

दल की 12 साल की सेवा यात्रा:
मां शूलिनी सेवा दल सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि सोलन में सेवा का एक भरोसेमंद नाम बन चुका है। दल पिछले 12 वर्षों से लगातार बिना किसी सरकारी मदद के, जन सहयोग से सेवा कार्य कर रहा है।

1. भंडारा सेवा – 230 भंडारे पूरे
28 सितंबर 2014 से शूलिनी मंदिर परिसर में हर महीने के दूसरे और चौथे रविवार को भंडारे का आयोजन हो रहा है। अब तक 230 भंडारे पूरे हो चुके हैं, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को भोजन कराया गया।

2. गरीब कन्याओं के विवाह – 69 विवाह संपन्न
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में दल हर संभव मदद करता है। अब तक 69 बेटियों के विवाह करवाए जा चुके हैं। आगामी 25 नवंबर 2026 को 2 विवाह.और 5 दिसंबर 2026 को 1 विवाह का आयोजन किया जाएगा।

3. विशेष बच्चों के लिए मेडिकल कैंप – 28 कैंप
हर तीसरे महीने दिव्यांग / विशेष बच्चों के लिए विशेष मेडिकल कैंप लगाया जाता है, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर जांच करते हैं और मरीजों को निःशुल्क दवाएं दी जाती हैं। अब तक 28 कैंप हो चुके हैं। 29वां कैंप 7 मार्च 2027 को होगा।

4. निःशुल्क शव वाहन सेवा – 2018 से जारी
8 अप्रैल 2018 से दल द्वारा 20 किलोमीटर के दायरे में निःशुल्क शव वाहन सेवा दी जा रही है। दुख की घड़ी में यह सेवा कई परिवारों के लिए बड़ी राहत बनी है।

5. दैनिक भोजन वितरण – 2022 से लगातार
7 जून 2022 से रोजाना जरूरतमंद, बेसहारा और गरीब लोगों को भोजन वितरित किया जा रहा है। यह सेवा बिना किसी छुट्टी के लगातार चल रही है।

इसके अलावा दल समय-समय पर रक्तदान शिविर, कंबल वितरण, स्कूल बैग वितरण और अन्य छोटे-छोटे सेवा प्रोजेक्ट भी चलाता रहता है।

दल के पदाधिकारियों का कहना है कि सेवा ही उनका धर्म है। ऑक्सीजन बैंक की शुरुआत से सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सोलन की जनता और दानदाताओं से इस पुण्य कार्य में सहयोग की अपील भी की है, ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीजों तक यह सेवा पहुंच सके।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक