Third Eye Today News

संविधान की किताब दिखाने वालों का इतिहास संविधान को तोड़ने-मरोड़ने का रहा है : बिंदल

Spread the love

मोदी के नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों के साथ मजबूती से आगे बढ़ रहा भारत : बिंदल

शिमला, 26 नवंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने संविधान दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि अनेक महान देशभक्तों ने मिलकर भारत के संविधान की संरचना की और बाबा साहेब अंबेडकर ने अपनी विद्वता एवं दूरदर्शिता से भारतीय जनमानस, संस्कृति और परिस्थितियों के अनुरूप संविधान को स्वरूप प्रदान किया। आज यही संविधान देश का मार्गदर्शक है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि देश के इतिहास में अनेक ऐसे अवसर आए, जब कुछ राजनीतिक नेताओं ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थों की पूर्ति के लिए संविधान को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास किया। 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ऐसा ही काला अध्याय है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू किया। लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया, राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जेलों में डाला गया, सामाजिक संगठनों पर प्रतिबंध लगाए गए और मीडिया पर सेंसरशिप थोप दी गई।

उन्होंने कहा कि उस दौर में ‘इंडिया इज इंदिरा एंड इंदिरा इज इंडिया’ जैसे नारों का इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद देश की जनता जागृत हुई और वर्ष 1977 में कांग्रेस के निर्णयों को नकारते हुए सत्ता परिवर्तन कर लोकतंत्र की रक्षा की।

बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनेक अवसरों पर संवैधानिक प्रावधानों का दुरुपयोग करते हुए राज्यों की निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया। आज संविधान की किताब हाथ में लेकर घूमने वाले लोगों का इतिहास अपनी राजनीतिक सुविधाओं के अनुसार संविधान को तोड़ने-मरोड़ने का रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप मजबूती से आगे बढ़ रहा है। समय-समय पर राष्ट्रहित में किए गए संवैधानिक परिवर्तनों को देश की जनता ने स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि आज देश का समाज सजग है और संविधान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगा। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता और नागरिक अधिकारों का आधार है। संविधान दिवस पर हम सभी को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक