मंत्री के बेटे ने महिला कर्मचारियों से किया अभद्र व्यवहार, वीडियो हो रहा वायरल

मंडी। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह के बेटे और भाजपा युवा मोर्चा के राज्य महासचिव रजत ठाकुर द्वारा सरकारी कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों को धमकाने का आरोप है। साथ ही महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। करीब नौ मिनट का यह वीडियो किसी कार्यालय का है जिसमें शुरूआत केवल ऑडियो है, जबकि बाद में वीडियो भी है। वीडियो में अधिकारियों कर्मचारियों से बात करते हुए रजत ठाकुर बीच-बीच में तलख भी हो रहे हैं। एक महिला रोते हुए भी सुनी जा सकती है। इसमें मंत्री के बेटे ने धर्मपुर विकास खंड में मनरेगा मज़दूरों को राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड से मिल रही सहायता के बारे में सीटू से जुड़ी यूनियन का काम रोकने के लिए कर्मचारियों पर दबाव डाला और सभी लाभ उनसे चर्चा करने औऱ उनकी पार्टी के प्रधानों के कहे अनुसार ही जारी करने के लिए निर्देश जारी किए। ऐसा न करने पर लेबर आफ़िस के पूरे स्टाफ़ को बदलने की धमकियां भी दी गई। इतना ही नहीं राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड की दो महिला कर्मचारियों में से एक को चंबा और दूसरी को सिरमौर ट्रांसफर करने की धमकियां दी और उन पर और कई तरह के झूठे इल्ज़ाम भी लगाये।

इस वीडियो पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता आश्रय शर्मा व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने वीडियो को लेकर सवाल उठाए हैं। इस वीडियो पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता आश्रय शर्मा व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने वीडियो को लेकर सवाल उठाए हैं। इसी मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो में मंत्री के बेटे ने उनका नाम लेकर जो टिप्पणियां की हैं वे उसके खिलाफ न्यायालय में मानहानि केस दायर करेंगे। सीटू से संबंधित मनरेगा मजदूर यूनियन ने मंत्री के बेटे की इस हरकत के खिलाफ तुरंत मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।


