Third Eye Today News

नाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार को घेरा

Spread the love

नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और अधूरे भवन निर्माण को लेकर भाजपा ने रविवार को नाहन में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए शिमला और चंडीगढ़ रेफर होना पड़ रहा है।

 डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जरूरी जांच सुविधाएं प्रभावित हैं। इसके अलावा पांच ऑपरेशन थिएटर में से दो बंद होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने छतों से पानी टपकने, सीलिंग गिरने और शौचालयों की खराब हालत का भी मुद्दा उठाया।

       उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के नए भवन के निर्माण के लिए 260 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, लेकिन पिछले चार वर्षों से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। यदि भवन समय पर तैयार हो जाता तो यहां 500 बिस्तरों की क्षमता, आठ बड़े ऑपरेशन थिएटर और बेहतर आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध हो सकती थीं।

       भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नर्सिंग कॉलेज और मातृ-शिशु अस्पताल के निर्माण में देरी का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार नर्सिंग कॉलेज के लिए 70 करोड़ रुपये तथा मातृ-शिशु अस्पताल के लिए 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, लेकिन दोनों परियोजनाएं अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। उन्होंने मातृ-शिशु अस्पताल के लिए पहले चयनित भूमि के बजाय नाहन से 6-7 किलोमीटर दूर जमीन तलाशने की चर्चाओं पर भी सवाल उठाए।

       डॉ. बिंदल ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज के लिए 32 पीजी सीटों के साथ 42 करोड़ रुपये तथा मशीनरी और अन्य सुविधाओं के लिए आठ करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने इन राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की।

        उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में जांच और दवाइयों के लिए मरीजों को निजी संस्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। भाजपा ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक से अस्पताल की समस्याओं का समाधान करने तथा अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करवाने की मांग की। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा मरीजों से जुड़े इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक