दिल्ली में वकीलों का प्रदर्शन, दो ने की आत्महत्या की कोशिश

दिल्ली में पुलिस और वकीलों के बीच हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोरदार विरोध-प्रदर्शन के बाद दिल्ली के पुलिसवाले तो अपनी-अपनी ड्यूटी पर लौट गए हैं, लेकिन काले कोट वाले वकील अभी भी हड़ताल पर हैं। वकील बार काउंसिल के कहने पर भी नहीं मान रहे। बुधवार को पुलिस के खिलाफ कार्रवाई को लेकर वकील कोर्ट परिसर में धरना दे रहे हैं। कोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे एक ने अपने ऊपर केरोसिन जैसा कोई पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। जबकि एक अन्य एक वकील विल्डिंग में चढ़ गया है, वकील का कहना है कि अगर उसकी मांगों को नहीं माना जाता तो वह बिल्डिंग से कूदकर जान दे देगा। दिल्ली के हालातों और वकीलों के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने आज उप राज्यपाल अनिल बैजल को हालातों की जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में मुख्य सचिव विजय कुमार देव और दिल्ली पुलिस के सभी संयुक्त आयुक्त उपस्थित थे। यह हड़ताल तीस हजारी कोर्ट में हिंसा के बाद शुरू हुई थी। वकीलों और पुलिस के बीच विवाद मामले में आज दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।



