Third Eye Today News

चम्बा ज़िला के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने किए 656 करोड़ रुपये के उद्घाटन एवं शिलान्यास मां मेरे जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा-मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा ज़िला के अपने चार दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन शुक्रवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैहला ग्राम पंचायत में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला, मैहला के बच्चों के साथ संवाद किया। वह व्यक्तिगत रूप से भी प्रत्येक विद्यार्थी से मिले और उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं।
संवाद के दौरान बारहवीं कक्षा के छात्र चाणक्य ने मुख्यमंत्री से जानना चाहा कि उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा कैसे मिली जिस पर श्री सुक्खू ने कहा कि छात्रकाल से ही उनमें नेतृत्व करने की भावना थी। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी के प्रति उनका कोई लगाव नहीं था। वह कक्षा प्रतिनिधि से मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीतने के बाद राजनीति की ओर रुझान बढ़ा और इसके बाद नगर निगम पार्षद तथा चार बार विधायक बने।

  

दसवीं कक्षा की छात्रा सुहानी ने मुख्यमंत्री से अपने विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त कमरों के निर्माण का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मैहला स्कूल को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल बनाया जाना है इसलिए स्कूल के नए भवन के लिए भूमि आवंटित की जाएगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी लगन, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को मूल मंत्र के रूप में प्रयोग करें।
चौथी कक्षा की छात्रा ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछा कि अपने जीवन में उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरणा किससे मिली, जिस पर उन्होंने कहा कि उनकी माताजी उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के भी विस्तार से जवाब दिए।
श्री सुक्खू ने अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान चंबा ज़िला के तीसा, भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उन्होंने 656 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक