Third Eye Today News

हिमाचल में कभी भी बन सकती है भाजपा सरकार : सुरेश कश्यप

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा द्वारा राज्यभर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम में शिमला लोकसभा से भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द और कभी भी भाजपा की सरकार बन सकती है।
सुरेश कश्यप ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश को आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल कर्ज़ लेकर काम चला रही है और भविष्य की पीढ़ियों पर बोझ डाल रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की और कहा कि राज्य में माफिया राज पनप चुका है, जिससे आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देशभर के 13 राज्यों में पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है और अब हिमाचल प्रदेश की जनता भी भाजपा की सरकार की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के कुल 18 लाख सदस्य हैं, जिनमें से 27 हज़ार सक्रिय सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। सक्रिय सदस्य सम्मेलन का उद्देश्य इन कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करना है।


सुरेश कश्यप ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की नाकामियों से तंग आ चुकी है और उन्होंने मन बना लिया है कि अगली सरकार भाजपा की ही बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा संगठन पूरी तरह से मजबूत है और पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार जनता से संपर्क में हैं।
कार्यक्रम के दौरान अन्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया और प्रदेश में बदलाव की जरूरत पर बल दिया। सम्मेलन में शिमला लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली, जिससे भाजपा के बढ़ते जन समर्थन का भी संकेत मिला।

 

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक