Third Eye Today News

हिमाचल मे भारी बारिश से घरों में घुसा मलबा, छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Spread the love

लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश में चार दिन के लिए फिर मानसून सक्रिय होगा। इस दौरान मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान है। सेब का आकार बढ़ाने और मक्की की फसल के लिए बारिश लाभकारी मानी जा रही है। बारिश होने से किसानों-बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश और अंधड़ चलने का पूर्वानुमान है। जनजातीय जिला किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर पूरे प्रदेश में 13 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया है। उधर, रविवार को भी हिमाचल के कई इलाकों में बादल बरसे। सिरमौर जिले के पुरुवाला में गिरि नदी उफान पर रही। एक गुज्जर परिवार टापू पर फंसा रहा। जिले में बारिश से मलबा लोगों के घरों में घुस गया। रामाधौन-रेणुका मार्ग करीब दो घंटे बंद रहा।

सिरमौर: भारी बारिश के कारण अंबोन क्षेत्र के घरों में घुसा मलबा।

हमीरपुर में डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश का पानी घरों में घुस गया। किसानों ने भी बारिश के चलते राहत की सांस ली है। राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। बारिश से मक्की की फसल को भी भारी क्षति पहुंची है। रामपुर और आसपास क्षेत्र में दोपहर के समय हल्की बारिश हुई।

करीब दो सप्ताह बाद जिला मुख्यालय कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिला कांगड़ा में बादल न बरसने से ज्यादातर किसान रोपाई का कार्य आगे नहीं बढ़ा सके। जिला चंबा में रविवार को पूरा दिन बादल छाए रहे।  जिला मंडी में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। जोगिंद्रनगर, धर्मपुर आदि क्षेत्रों में रात से ही बारिश शुरू हो गई थी।

प्रदेश में 13 जून को मानसून ने प्रवेश किया था। इस वर्ष सामान्य से 13 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी थी। हालांकि, इसके बाद मानसून एकाएक कमजोर पड़ गया था। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून कमजोर पड़ा था। अब मानसून के दोबारा सक्रिय होने से रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में बादल बरसे। 

रविवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 18.4, सुंदरनगर 21.7. भुंतर 23.0, धर्मशाला 19.2, ऊना 24.5, नाहन 23.8, केलांग 12.0, पालमपुर 20.2, सोलन 21.5, मनाली 19.4, कांगड़ा 22.6, मंडी 22.0, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 24.2, चंबा 21.0, डलहौजी 17.0 और कुफरी 16.00 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

 

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक