हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानों में भारी वर्षा, ठंड ने दी दस्तक

Spread the love

    

हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम ने एक बार फिर लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। मानसून की विदाई के बाद राज्य में बादल जमकर बरस रहे हैं। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से रूक-रूक कर वर्षा का क्रम जारी रहा। वहीं राज्य की पर्वत श्रंखलाओं पर बर्फबारी हुई। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ है। रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा दर्रे समेत सप्तऋषि की पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी समेत रिहाशयी क्षेत्रों में भी बर्फ की चादर बिछ गई है। रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी के कारण पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। बर्फबारी से चंबा-किलाड़ वाया साच पास भी बंद हो गया है। राजधानी शिमला से सटे विख्यात पर्यटन स्थल कुफरी में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई।

    

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक बारिश और बर्फबारी से प्रदेश भर में 27 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। कांगड़ा में आठ, कुल्लू व सिरमौर में छह-छह, चंबा में तीन, शिमला में दो और लाहौल-स्पीति व सोलन में एक-एक सड़क भूस्खलन से बंद है। बेमौसमी बर्फबारी से लाहौल घाटी के किसानों की चिंता बढ़ गई है। खराब मौसम के बीच किसानों को आलू व सेब की फसल को मंडियों में पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में 81, सोलन में 61, कोटखाई में 48, बरठीं में 45, कांगड़ा में 41, सुंदरनगर में 40, मंडी में 30 और शिमला में 19 मिमी वर्षा हुई है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है।

    

लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।    इसके अलावा शिमला में 9.4 डिग्री, सुंदरनगर में 14.5 डिग्री, भुंतर में 13.9 डिग्री, कल्पा में 6.4 डिग्री, धर्मशाला में 12.2 डिग्री, उना में 16.6 डिग्री, नाहन में 17.2 डिग्री, केलांग में 3 डिग्री, पालमपुर में 14 डिग्री, सोलन में 13.5 डिग्री, मनाली में 10.4 डिग्री, कांगड़ा में 15.8 डिग्री, मंडी में 14.8 डिग्री, बिलासपुर में 18 डिग्री, हमीरपुर में 16.1 डिग्री, चंबा में 15.4 डिग्री, डल्हौजी में 9 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.1 डिग्री और कुफरी में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में चार दिन मौसम खराब रहेगा। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश-बर्फबारी हो रही है। उन्होंने कहा कि 13 अक्तूबर तक बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 14 व 15 अक्तूबर को मैदानी भागों में मौसम के खुलने का अनुमान है, जबकि पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा।

   

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक