Third Eye Today News

हिमाचल कांग्रेस का ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान पूरा, 1.35 लाख हस्ताक्षरों की रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी

Spread the love

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हिमाचल में चलाए गए वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी गई है। इसी कड़ी में बुधवार को राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल के साथ ही उपमुख्यमंत्री एवं वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के प्रदेश संयोजक मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी भाग लिया। इस दौरान अभियान को लेकर पूरी जानकारी राष्ट्रीय महासचिव को दी गई। प्रदेश भर में अभियान के तहत 1 लाख हस्ताक्षर करवाने का लक्ष्य पूरा निर्धारित किया गया था।

हस्ताक्षर की स्क्रूटनी के बाद सामने आया आंकड़ा 
अभियान से जुड़े नेताओं का दावा है कि प्रदेश में अभियान को मिले जनसमर्थन के चलते 1.35 लाख हस्ताक्षर करवाए गए। हर हस्ताक्षर की स्क्रूटनी के बाद यह आंकड़ा सामने आया है। पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र से 1500 हस्ताक्षर करवाने का टारगेट तय किया गया था, जिसे लगभग पूरा किया गया। वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान को लेकर पार्टी ने एक प्रोफॉर्मा जारी किया है। हस्ताक्षर करने वाले के मोबाइल नंबर का उल्लेख करना भी प्रोफार्मा में अनिवार्य किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि फर्जी हस्ताक्षर न हों। इसके लिए पार्टी नेता हरिकृष्ण हिमराल को जिम्मेदारी दी गई है। शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहला हस्ताक्षर कर अभियान की शुरूआत की थी। पार्टी के अग्रणी संगठनों ने भी अभियान को गति देने में अहम रोल अदा किया।

टॉप पर रहा ऊना, सिरमौर में भी बेहतर काम
प्रदेश में चलाए गए अभियान के तहत ऊना जिला टॉप पर रहा। विधायक विवेक शर्मा को ऊना जिला का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। जिला में 12500 से अधिक हस्ताक्षर करवाए। अपने विस क्षेत्र से पर्यवेक्षक विवेक शर्मा ने करीब 5 हजार फार्म भरवाए। इसी तरह जिला सिरमौर में 10 हजार से अधिक हस्ताक्षर करवाए गए। विधायक अजय सोलंकी को जिला का पर्यवेक्षक नियुक्त लगाया गया था।

निगरानी को बनाया गया था कंट्रोल रूम
अभियान की निगरानी के लिए पार्टी ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया था। हिमुडा के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव यशवंत छाजटा को इसका इंचार्ज बनाया गया है। इसी तरह हस्ताक्षर में डुप्लीकेसी न हो उसके लिए हरिकृष्ण हिमराल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक