हरियाणा के व्यक्ति का शिमला में पेड़ से लटका मिला श..व
शिमला जिले में हरियाणा के एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। यह मामला रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र का है, जहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।पुलिस को रविवार को टेलीफोन के जरिए सूचना मिली कि झाकड़ी वार्ड नंबर-09 में एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान गणेश (40) के रूप में हुई। गणेश हरियाणा के पंचकूला जिले के कालका क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और वह कुछ समय से झाकड़ी गांव में रहकर कबाड़ (स्क्रैप) का काम कर रहा था। वह गांव में किसी के घर पर ठहरा हुआ था। पुलिस ने मृतक के करीबी रिश्तेदार बलदेव को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके पर बुलाया।
बलदेव और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। गणेश अमरूद के पेड़ की एक शाखा से सफेद और काले रंग की प्लास्टिक की रस्सी का फंदा बनाकर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने रस्सी को सावधानी से काटकर, गांठ को सुरक्षित रखते हुए शव को नीचे उतारा। इसके बाद मौके पर ही शव की तलाशी ली गई और पूरे घटनाक्रम की फोटोग्राफी कराई गई। पुलिस के अनुसार शव पर किसी भी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। केवल गर्दन पर फंदे के निशान पाए गए। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु भी बरामद नहीं हुई।
घटनास्थल पर मौजूद गवाहों और मृतक के परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि अब तक किसी तरह की आपराधिक साजिश या हत्या की आशंका नहीं दिखी है। सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिसकर्मियों की सहायता से खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की कार्यवाही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
![]()
