Third Eye Today News

सोलन में दिनदहाड़े गैंगवार || दो गुटों में लाठी-डंडे व तेजधार हथियारों से हमला, तीन घा.य.ल

Spread the love

शहर के धोबीघाट क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से पुलिस चौकी शहर को सूचना मिली कि मारपीट में घायल तीन युवकों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायलों की पहचान हर्ष, ललित किशोर (23) और ललित (26) के रूप में की गई। तीनों का मेडिकल परीक्षण किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल ललित को बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।घटना के प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब उसका रिश्तेदार अभिषेक परीक्षा देने के लिए गर्ल्स स्कूल सोलन गया था। वहां कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेरकर बहस शुरू कर दी। अभिषेक के फोन करने पर अजय अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उसे वहां से छुड़ाया। बताया जा रहा है कि जब सभी युवक धोबीघाट की ओर जा रहे थे, तभी करीब 15 से 20 अज्ञात युवक तेजधार हथियारों के साथ वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर तीनों युवकों को घायल कर दिया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक