सड़क किनारे रखे 6 लोहे के चैनल चोरी, दो आरोपी पिंजौर से गिरफ्तार

शामती निवासी नरेश कुमार ने पुलिस थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह निजी ठेकेदारी का कार्य करते हैं। उनके पास 5 मिक्सर मशीनें हैं। दिनांक 14-02-2026 को ओच्छघाट में कार्य समाप्त करने के उपरांत वह मिक्सर मशीन तथा 06 लोहे के चैनल लेकर अपने घर धरांजटी जा रहे थे। मझगांव के समीप उनकी गाड़ी खराब हो गई, जिस पर उन्होंने मिक्सर मशीन व 06 लोहे के चैनल सड़क किनारे उतार दिए तथा वाहन की मरम्मत करवाने हेतु बाईपास सोलन चले गए। दिनांक 14 व 16 फरवरी को जब वह ओच्छघाट गए, तब मिक्सर मशीन व 06 चैनल वहीं पर मौजूद थे। परंतु दिनांक 17-02-2026 को जब वह कार्य देखने हेतु ओच्छघाट की ओर जा रहे थे, तो पाया कि मिक्सर मशीन में रखे 06 लोहे के चैनल चोरी हो चुके हैं। अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिनांक 16/17-02-2026 की रात्रि में उक्त 06 लोहे के चैनल चोरी कर लिए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹60,000/- है। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग पंजीकृत किया गया । अभियोग के अन्वेषण के दौरान पुलिस थाना सदर सोलन की टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं गहन जांच के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 26-02-2026 को मामले में संलिप्त 02 आरोपियों अभिषेक पुत्र आनंद सिंह निवासी भक्ति बिल्डिंग, बालूगंज, शिमला, तहसील व जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र 23 वर्ष हाल गणेश पेपर स्टोर/जंक शॉप रामपुर सियुड़ी सूरजपुर पिंजौर हरियाणा तथा अक्षय पुत्र देवी लाल निवासी हाल निवास गुप्ता निवास, टूटू, शिमला, उम्र 24 वर्ष हाल गणेश पेपर स्टोर/जंक शॉप रामपुर सियुड़ी सूरजपुर पिंजौर हरियाणा को पिंजौर से गिरफ्तार किया गया। चोरी हुए 06 लोहे के चैनल भी बरामद कर लिए गए हैं । मामले में प्रयुक्त किये गए वाहन को भी जब्त करके कब्जा पुलिस में लिया गया है I गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिनांक 27-02-2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है । जांच के दौरान पाया गया कि दोनों आरोपी पिंजौर से सामान छोड़ने के लिए सोलन आए थे तथा वापसी के समय सड़क किनारे रखे 06 लोहे के चैनलों को वाहन में लोड कर चोरी कर ले गए । जांच में यह भी पाया गया कि दोनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले का अन्वेषण जारी है ।
![]()
