Third Eye Today News

लिंग आधारित भेदभाव को केवल शिक्षा से ही किया जा सकता पूर्णतया समाप्त – राहुल जैन

Spread the love


अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने कहा कि नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय लैंगिक अभियान एक ज़मीनी स्तर पर लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए चलाया गया एक राष्ट्रीय अभियान है। इसमें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राहुल जैन आज यहां राष्ट्रीय लैंगिक अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राहुल जैन ने कहा कि यह अभियान समाज में लैंगिक असमानता को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं का सुरक्षित आवागमन और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे अथक प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन यह सुनिश्चित बना रहा है कि ज़िला में महिलाएं अपने अधिकारों एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में जागरूक रहें।


उन्होंने कहा कि हमें महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा, महिलाएं जितनी ज्यादा शिक्षित होगी सामाजिक असमानता उतनी कम होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित महिला ही लैंगिक हिंसा को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि लिंग आधारित भेदभाव को केवल शिक्षा से ही पूर्णतया समाप्त किया जा सकता है।
राहुल जैन ने इस अवसर पर विश्व महिला हिंसा उन्मूलन विषय पर शपथ भी दिलाई।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ. शालिनी पुरी ने स्वास्थ्य संबंधी तथा ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के उप प्रमुख एस.एल. कश्यप ने विधिक प्राधिकरण के सौजन्य से महिलाओं के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं, घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 और महिलाओं के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम ने बेटी है अनमोल योजना तथा बाल विवाह मुक्त अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
शिविर के दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लैंगिक अभियान के बारे में महिलाओं को जागरूक किया।
खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा लैंगिक अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने शिविर में भाग लिया।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक