मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हेलिकॉप्टर की बल्ह में आपात लैंडिंग, मंडी से शिमला जा रहे थे
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हेलिकाप्टर की रविवार दोपहर बाद खराब मौसम के कारण आपात लैंडिंग करवानी पड़ी। मुख्यमंत्री मंडी के कांगनी हेलीपैड से शिमला जा रहे थे। इस दौरान अचानक मौसम खराब होने से बल्ह हलके के ढांगू में आपातकाल लैंडिंग करनी पड़ी। उपायुक्त अरिंदम चौधरी सहित अन्य प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया। मौसम खराब होने के कारण दोबारा उड़ान संभव नहीं है। मुख्यमंत्री का हेलिकाप्टर इमरजेंसी में जहां उतारा गया है, वहां पर काफी खुला मैदान है। बताया जा रहा है वहां पहले भी हेलिकॉप्टर की लैंडिंग हुई है।

सुंदनगर हेलिकाप्टर पहुंचा तो अचानक मौसम खराब हो गया। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के खेल मैदान में हेलिकाप्टर की लैंडिंग का प्रयास किया। लेकिन मौसम ज्यादा खराब होने के कारण पायलट को सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद पायलट तुरंत हेलिकाप्टर को वापस मंडी की ओर मोड़ दिया। बल्ह के ढांगू मैदान में लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन यहां भी सफलता नहीं मिली। तूफान चलने के कारण सफलता नहीं मिल पाई। लेकिन दूसरे एटेंपट में पायलट को सफलता मिली।

आपात लैंडिंग की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन सहित सीएम सिक्योरिटी स्टाफ तुरंत हरकत में आ गया व मौके पर पहुंच गया। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सड़क मार्ग से पूरी सुरक्षा के साथ शिमला के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को भी सड़क मार्ग से मंडी पहुंचे थे। इस दिन भी मौसम खराब था। मंडी में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद हेलिकाप्टर मुख्यमंत्री को लाने के लिए शिमला से पहुंचा था। लेकिन फिर से मौसम खराब होने के कारण सीएम को मार्ग से ही जाना पड़ा।


