मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी ब्रांच सील, तीस अधिकारी व कर्मचारी किए गए होम क्वारंटाइन
मुख्यमंत्री कार्यालय में कोरोना का मामला आने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय की सभी ब्रांचों को बंद करने के साथ तीस अधिकारियों व कर्मचारियों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन में भेज दिया है।
इन कर्मचारियों को घर से बाहर न निकलने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि अगर इसी बीच किसी की तबीयत खराब होती है तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग और सचिवालय को दें। मुख्यमंत्री के विधानसभा सेल को भी बंद करना पड़ा है।
संक्रमण न फैले इसलिए यह कदम उठाया है। सभी ब्रांचों को सैनिटाइज किया गया है। सचिवालय कर्मचारी संघ ने यह मामला उठाया था। सचिवालय कर्मचारी सेवाएं संगठन के प्रधान संजीव शर्मा ने बताया कि सचिवालय सामान्य प्रशासन ने सुबह और शाम दो बार ब्रांचों को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया है।
बता दें प्रदेश में 1463 लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं, जबकि 1076 सक्रिय मामले हैं। सोलन जिला में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं, इनमें अधिकतर अन्य राज्यों से लौटे कामगार हैं।


