Third Eye Today News

महिलाओं के हाथ में लोकतंत्र की बागडोर, कांग्रेस ने शुरू किया “महिला स्वराज अभियान”

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में दिसंबर महीने में प्रस्तावित पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस ने आज शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय से “शक्ति अभियान” के तहत “महिला स्वराज अभियान” की शुरुआत की है।

इस अभियान की शुरुआत शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को लोकतंत्र में सशक्त भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक अहम कदम है। युवा कांग्रेस इस अभियान को पंचायत स्तर तक लेकर जाएगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं चुनावी प्रक्रिया में भाग लेकर नेतृत्व की भूमिका निभा सकें।रोहित ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, ऐसे में अब समय आ गया है कि महिलाएं आगे बढ़कर स्थानीय शासन में अपनी मजबूत भूमिका सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि “महिला स्वराज अभियान” का उद्देश्य न केवल महिलाओं को चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित करना है, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना भी है। ठाकुर ने कहा कि युवा कांग्रेस चाहती है कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़ी महिलाएं पंचायत चुनावों में विजयी बनकर आएं और समाज में नई ऊर्जा और दृष्टिकोण लेकर आएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले हफ्तों में राज्यभर की पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक सहभागिता को जमीनी स्तर पर मजबूती दी जा सके।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक