Third Eye Today News

“भाजपा का इतिहास विकास और राष्ट्र गौरव का इतिहास, कांग्रेस की विदाई तय” : डॉ. राजीव बिंदल

Spread the love

पंडित दीन दयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आज मंडी संसदीय क्षेत्र की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री श्रीकांत शर्मा विशेष रूप से कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन हेतु उपस्थित रहे। कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन विधायक श्री विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक श्री राकेश जम्वाल, प्रदेश महामंत्री श्री संजीव कटवाल, प्रदेश महामंत्री श्रीमती पायल वैद, प्रदेश प्रवक्ता श्री अजय राणा, प्रदेश सचिव श्रीमती प्रियंता शर्मा, प्रदेश सचिव श्री तिलक राज शर्मा, प्रदेश आईटी सह संयोजक श्री प्रवीण ठाकुर सहित संसदीय क्षेत्र के विधायकगण एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत मंथन हुआ। बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनहितैषी योजनाओं को फील्ड और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है और “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ आगे बढ़ा जाएगा।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास की उपलब्धि शून्य रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे केंद्र सरकार के बजट और संसाधनों से संचालित हैं, जबकि राज्य सरकार अपनी नाकामियों पर “नाच न जाने आंगन टेढ़ा” की तर्ज पर भाजपा और केंद्र को दोष देने में लगी है। लगातार जनविरोधी निर्णयों से जनता त्रस्त है और अब कांग्रेस सरकार की विदाई तय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा का इतिहास विकास का इतिहास है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने 11 मई 1998 को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनकर विश्व को चकित किया। अंत्योदय अन्न योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज, अटल टनल रोहतांग और हिमाचल के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां अटल जी की देन हैं।


उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई गाथा लिखी है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना, 4 करोड़ पक्के मकान, 14 करोड़ घरों में नल कनेक्शन, 11 करोड़ शौचालय, 3 करोड़ लखपति दीदी, 30 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज और 50 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज—ये उपलब्धियां अपने आप में मील का पत्थर हैं। किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ किसानों को सीधे लाभ, फोरलेन, रेल, हवाई और डिजिटल नेटवर्क का विस्तार, भ्रष्टाचार पर रोक और डिजिटल इंडिया जैसे कदम देश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रहे हैं।
इसके विपरीत कांग्रेस के शासनकाल को याद करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि देश विभाजन, धारा 370 के माध्यम से अलगाववाद को बढ़ावा, आपातकाल, 1984 के दंगे और 2004-2014 के घोटालों की भरमार कांग्रेस की विरासत है। कांग्रेस “हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और” वाली राजनीति करती रही है, जबकि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा और जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भारत में समावेशी ग्रामीण विकास का प्रमुख आधार बनकर उभर रहा है। भारत की एआई शासन संरचना निष्पक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता को प्राथमिकता देती है। पंचायती राज संस्थाओं, डिजिटल सार्वजनिक ढांचे और कल्याणकारी प्रणालियों में एआई के एकीकरण से प्रशासनिक दक्षता और जमीनी भागीदारी को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने कहा कि भाषिणी, भारतजेन और आदि वाणी जैसे बहुभाषी एवं आवाज-सक्षम प्लेटफॉर्म भाषा और साक्षरता की बाधाओं को कम कर सेवाओं तक पहुंच का विस्तार कर रहे हैं। राष्ट्रीय मिशन, राज्य आधारित नवाचार और भारत-एआई प्रभाव शिखर सम्मेलन 2026 विकसित भारत@2047 के विजन की दिशा में एक समन्वित और लोक-केंद्रित एआई क्रांति का संकेत हैं।
अंत में नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत संगठन, स्पष्ट विचारधारा और जनसेवा की प्रतिबद्धता के साथ भाजपा आने वाले समय में प्रदेश और देश में विकास की नई इबारत लिखती रहेगी।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक