पुलिस ने 90 किलो 529 ग्राम अफीम के डोडे के साथ लुधियाना के व्यक्ति को किया गिरफ्तार
कुल्लू के बंजार में शनिवार सुबह पुलिस ने एक व्यक्ति से 90 किलो 529 ग्राम अफीम के डोडे की खेप बरामद की है। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बंजार पुलिस टीम नाका के दौरान च्युंठा पुल से आगे की तरफ बालीचौकी सड़क में मौजूद थी। सुबह के समय एक कार सीएच 01 एआर 9249 कोरोला गोल्डन रंग की आई। कार को चेकिंग के लिए रोका गया।। इस दौरान कार की पिछली सीट व डिक्की में कुल 10 बोरियां पाई गईं। बोरियों को चेक करने पर सभी बोरियों में अफीम के डोडे पाए गए।

10 बोरियों का वजन करने पर कुल 90 किलो 529 ग्राम अफीम डोडा पाया गया। गाड़ी में सवार चालक की पहचान 38 वर्षीय कुलविन्द्र सिंह पुत्र हरमेश सिंह निवासी अहमदगढ़ मंडी लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने की है। एसपी ने बताया अफीम के डोडे की तस्करी करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।


