जन्म के कुछ ही घंटों बाद अस्पताल में नवजात को छोड़कर भागा दंपती
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एक नवजात बच्ची को उसके ही माता-पिता लावारिस छोड़कर फरार हो गए। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब यह खुलासा हुआ कि दंपती ने बच्ची को बेचने की भी कोशिश की थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल मूल की एक गर्भवती महिला को सोमवार को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। लेकिन बच्ची के जन्म के बाद दंपती का व्यवहार असामान्य और असंतुष्ट नजर आया। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर में ही दंपती ने कुछ लोगों को नवजात बच्ची को 10 से 15 हजार रुपए में देने का प्रस्ताव दिया। हालांकि किसी ने उनकी इस अवैध पेशकश को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद पहले महिला और फिर उसका पति चुपचाप वार्ड से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने दंपती के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नवजात बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल स्टाफ की निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया, “यह एक बेहद संवेदनशील मामला है। पुलिस को सूचित कर दिया गया है और अस्पताल प्रबंधन भी अपने स्तर पर गहन जांच कर रहा है।
![]()

