कोरियोग्राफर सरोज खान को किया गया सुपुर्द-ए-ख़ाक, परिवार वालों ने दी अंतिम विदाई
बॉलीवुड की जानी मानी कोरियोग्राफर सरोज खान की दिल का दौरा पड़ने के चलते मौत हो गई। आज उनके परिवार वालों ने मुंबई के मलाड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया। उनकी अंतिम यात्रा में करीबी और परिवार के लोग शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक सरोज खान ने शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1.52 मिनट पर आखिरी सांस ली। सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। सरोज खान की बेटी सुकैना खान न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए जानकारी दी कि तीन दिन बाद प्रार्थना रखी जाएगी।


कोरियोग्राफर सरोज ख़ान के निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है। अक्षय कुमार से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने सरोज खान को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी है। वहीं माधुरी दिक्षित ने ट्वीट करते हुए लिखा, ”मैं अपनी दोस्त और गुरु सरोज खान को खोने से बिखर गई हूं। डांस में अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने में मेरी मदद करने के लिए हमेशा उनके काम के लिए आभारी रहूंगी। दुनिया ने एक अद्भुत प्रतिभाशाली व्यक्ति को खो दिया है। आप हमेशा याद आएंगी। उनके परिवार के प्रति मेरी सच्ची संवेदना।”


सरोज खान के करियर की बात करें तो उन्होंने करीब 2000 से ज्यादा गानों में कोरियोग्राफी की है। अपने काम के लिए सरोज खान को 3 बार नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा चुका है। इसके साथ ही सरोज खान ने कई मशहूर गानों पर हमेशा याद रहने वाली कोरियोग्राफी की है, जिसमें ‘डोला रे डोला’, ‘एक दो तीन’, ‘ये इश्क हाये’ और ‘निंबुड़ा’ शामिल है। सरोज खान ने आखिरी बार फिल्म कलंक के तबाह हो गए गाने को कोरियोग्राफ किया था, जिसमें माधुरी दीक्षित नजर आई थीं।



