कुल्लू में पुलिस के विशेष दल ने व्यक्ति से बरामद की साढ़े सात किलोग्राम चरस
जिला कुल्लू पुलिस को नशा तस्कर की धरपकड़ करने में एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। कुल्लू पुलिस की एक विशेष टीम ने एक व्यक्ति से 7 किलो 447 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरुदेव शर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू में विशेष अन्वेषण शाखा की ओर से समय समय पर नशे के कारोबार पर प्रहार किया जा रहा है और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश अनुसार तथा पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में लगातार विशेष अन्वेषण शाखा की टीम अलग अलग जगह पर रेड कर नाकाबंदी कर आरोपितों की धरपकड़ कर रही है।

इसी कड़ी के दौरान देर रात विशेष अन्वेषण शाखा की ओर से बंजार इलाके में औचक नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान बंजार क्षेत्र के डिब्बा चेहड़ी नामक स्थान पर एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका गया, जिसकी तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से सात किलो 447 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपित को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है और आज अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरुदेव शर्मा ने बताया कि आरोपित की पहचान 45 वर्षीय नारायण सिंह निवासी अन्नाह तहसील चच्योट जिला मंडी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा आरोपित को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया जिला में चरस की तस्करी करने के साथ-साथ अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों चरस तस्करी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, इसके पीछे यह कारण भी बताया जा रहा है कि इन दिनों माफिया खेतों से चरस तैयार कर सप्लाई करता है।


