कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री बूटा सिंह का निधन, पीएम मोदी, राहुल गांधी ने जताया शोक
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूटा सिंह (Buta Singh) आज निधन हो गया। वे 86 साल के थे। बूटा सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बूटा सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने शोक जताया है। सरदार बूटा सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री, कृषि मंत्री, रेल मंत्री, खेल मंत्री और बिहार के राज्यपाल और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति कमीशन के चेयरमैन के तौर पर राष्ट्रीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बूटा सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि बूटा सिंह जी एक अनुभवी प्रशासक थे। उन्होंने गरीबों के साथ-साथ समाज में हाशिये पर पड़े लोगों की आवाज उठाई। उनके निधन से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ है।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बूटा सिंह के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि सरदार बूटा सिंह के देहांत से देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और जनता की भलाई के लिए समर्पित कर दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने लिखा, “पूर्व सांसद बूटा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे समाज के वंचित-अभावग्रस्त वर्ग की सशक्त आवाज थे। देश के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति।


