Third Eye Today News

सरकाघाट HRTC बस हादसे में मौत का आंकड़ा पहुंचा 5, करीब 2 दर्जन लोग घा,य.ल

Spread the love

सरकाघाट उपमंडल के मसेरन क्षेत्र के पास तरांगला में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। इस हादसे में एक 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही सरकाघाट पुलिस थाना की टीम और डीएसपी सरकाघाट तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सरकाघाट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डीएसपी सरकाघाट ने हादसे में एक किशोर की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद अन्यत्र रेफर किया जा सकता है। अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

       हादसे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच के अनुसार बस एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर फिसल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्षेत्र में सड़कें काफी संकरी हैं और पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते सड़क पर फिसलन थी। ऐसी स्थिति में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे नीचे खेतों में जा गिरी।

      बस में सवार कुछ यात्रियों ने बताया कि अचानक झटका महसूस हुआ और वाहन तेजी से सड़क छोड़कर नीचे चला गया। हादसे के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति की समीक्षा कर सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न दोहराई जाएं। इस दुखद घटना से इलाके में शोक की लहर है, और स्थानीय लोग लगातार घटनास्थल पर सहायता कार्यों में जुटे हुए हैं।

 

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक