Cyclone Tauktae: मुंबई में तेज हवा के साथ भारी बारिश, छह की मौत; 56 उड़ानें रद

Cyclone Tauktae मुंबई में तूफान के कारण हुए हादसों में छह लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए। चार जानवरों की भी मौत हो गई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नुकसान का आकलन किया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुंबई, राज्य ब्यूरो। चक्रवाती तूफान टाक्टे का कहर समूचे कोकण क्षेत्र सहित मुंबई महानगर पर भी नजर आया। तूफान के कारण राज्य में अब तक छह लोगों के मारे जाने की खबर है। मुंबई, नई मुंबई व ठाणे में कई कोविड सेंटर को भी तबाही का शिकार होना पड़ा है। मुंबई को पिछले वर्ष भी कोविड काल के दौरान ही समुद्री तूफान निसर्ग का भी सामना करना पड़ा था। समूचे कोकण क्षेत्र में तूफान के कारण रविवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। इस दौरान सिंधुदुर्ग जिले के आनंदवाड़ी हार्बर पर दो नावों के डूब जाने की खबर है। दोनों नौकाओं पर सात नाविक सवार थे। इनमें से एक राजाराम कदम को अपनी जान गंवानी पड़ी है। तीन नाविक अभी भी लापता हैं। बाकी तीन सुरक्षित हैं। ठाणे के रेजीडेंट डिप्टी कलेक्टर शिवाजी पाटिल के अनुसार नई मुंबई व उल्हासनगर में भी अलग-अलग घटनाओं में दो लोग मारे गए हैं।


