CCA के विरोध में देश के अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन, कई नेता गिरफ्तार

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में राजधानी दिल्ली समेत देशभर में कई जगह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, चंडीगढ़ के कई हिस्सों में भी प्रदर्शन हो रहा है। बताया जा रहा है कि लेफ्ट पार्टियों के इस भारत बंद को राजद, सपा, कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियों ने अपना समर्थन दिया है। दिल्ली में गुरुवार को एक ही वक्त पर 2 अलग-अलग विरोध-प्रदर्शनों की वजह से हालात ऐसे बने कि कई मेट्रो स्टेशनों को बंद करना पड़ा। कुछ इलाकों में मोबाइल सेवाएं भी घंटों तक पूरी तरह बंद रहीं। हालांकि, अब मोबाइल सेवाएं बहाल होने की खबर है।
वहीं प्रदर्शन में शामिल इतिहासकार रामचंद्र गुहा, नेता योगेंद्र यादव को CAA के खिलाफ प्रदर्शन करते वक्त हिरासत में ले लिया गया। उनके समर्थन में अब कमल हासन भी आ गए हैं, उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि मैं सरकार के द्वारा मूर्खतापूर्ण कदम उठाते हुए सत्याग्रह की लड़ाई लड़ने वालों को गिरफ्तार करने के लिए तालियां पीटता हूं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने ट्वीट कर कहा, मेरे बेटे साहिल (18) को पुलिस ने मंडी हाउस में हिरासत में ले लिया। मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पर मेरी पत्नी और बेटी को भी पुलिस ने बलपूर्वक हिरासत में लिया है। कर्नाटक के बेंगलुरु में भी आज बड़ा विरोध प्रदर्शन है। हम भारत के लोग बैनर के तले कई संगठनों ने बेंगलुरु में प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, पहले ही बेंगलुरु में धारा 144 लगा दी गई है और प्रदर्शन को इजाजत नहीं दी गई है।



