Third Eye Today News

हिमाचल के IAS राघव शर्मा को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, उपराष्ट्रपति के निजी सचिव नियुक्त

Spread the love

5 साल के लिए हुई नियुक्ति, उपराष्ट्रपति के कार्यकाल के साथ जुड़ी रहेगी अवधि

हिमाचल प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी राघव शर्मा को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिली है। 2013 बैच के IAS अधिकारी राघव शर्मा को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच वर्ष के लिए की गई है, लेकिन यह उपराष्ट्रपति के कार्यकाल के साथ सह-समाप्त आधार पर रहेगी।

यानी उपराष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त होने की स्थिति में राघव शर्मा की नियुक्ति भी उसी समय समाप्त हो जाएगी, भले ही पांच वर्ष की अवधि पूरी न हुई हो।

राघव शर्मा फिलहाल हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। केंद्र में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वह उपराष्ट्रपति कार्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक और समन्वय कार्यों को संभालेंगे।

उपराष्ट्रपति के निजी सचिव का पद महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों से जुड़ा होता है। इसमें उपराष्ट्रपति के दैनिक कार्यक्रमों का प्रबंधन, आधिकारिक पत्राचार, विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों के साथ समन्वय और अन्य प्रशासनिक कार्य शामिल होते हैं।

हिमाचल कैडर के अधिकारी की केंद्र में इस नियुक्ति को प्रशासनिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राघव शर्मा के केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग में निदेशक पद की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, इस पर राज्य सरकार अलग से आदेश जारी करेगी

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक