केवल मैराथन दौड़ने से खत्म नहीं होगा चिट्टा, दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाए सरकार : संजीव कटवाल
केवल मैराथन दौड़ने से खत्म नहीं होगा चिट्टा, दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाए सरकार : संजीव कटवाल
नशा तस्करों पर हो निर्णायक प्रहार, सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई जाए निगरानी : कटवाल
शिमला, 29 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में बूथ संख्या 112 के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, कार्यालय सचिव किरण बावा, प्रेम ठाकुर तथा बूथ कार्यकर्ता प्रभात, रवि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री द्वारा नशे के विरुद्ध दिया गया संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिमाचल प्रदेश में भी नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है।
कटवाल ने कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ नशे की तस्करी और उसके बढ़ते प्रसार का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार को नशे की रोकथाम के लिए ठोस निर्णय लेने चाहिए तथा शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने चाहिए।

