Third Eye Today News

जगत सिंह नेगी के बयान पर भाजपा ने पुलिस से की शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग : कर्ण नंदा

Spread the love

सेना और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी की जांच हो, कानून के अनुसार कार्रवाई करे पुलिस : कर्ण नंदा

शिमला, 20 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में की गई टिप्पणियों के संबंध में पुलिस अधीक्षक शिमला को औपचारिक शिकायत सौंपी है। शिकायत में संबंधित बयानों की जांच करने तथा विधानसभा के विशेषाधिकार से बाहर किसी संज्ञेय अपराध के प्रमाण मिलने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

कर्ण नंदा ने कहा कि 18 नवंबर 2026 को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल विमानों की कीमतों और ऑपरेशन सिंदूर के परिणाम को लेकर की गई टिप्पणियों से गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं से जुड़े संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

नंदा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में विधानसभा की संबंधित कार्यवाही की प्रमाणित प्रति तथा संपूर्ण वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त कर सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है। इसके अतिरिक्त यह जांच करने की मांग की गई है कि क्या मंत्री ने विधानसभा के बाहर किसी मीडिया साक्षात्कार, सार्वजनिक मंच अथवा सोशल मीडिया पर भी ऐसी टिप्पणियां की हैं।

उन्होंने कहा कि शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 197(1)(d), धारा 353 तथा धारा 152 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत तथ्यों और साक्ष्यों की जांच करने का अनुरोध किया गया है।

कर्ण नंदा ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 194(2) के अंतर्गत विधानसभा में दिए गए भाषणों को प्राप्त संवैधानिक संरक्षण का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, यदि विधानसभा के बाहर कोई स्वतंत्र रूप से दंडनीय कृत्य सामने आता है, तो उस पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि शिकायत पुलिस कार्यालय में प्राप्त कर ली गई है और इसकी डायरी संख्या 28577, दिनांक 20 नवंबर 2026 दर्ज की गई है।

नंदा ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और भारतीय सेना से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी तथा संवैधानिक मर्यादाओं का पालन आवश्यक है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक