November 5, 2026
Third Eye Today News

प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध- संजय अवस्थी

Spread the love

    अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संजय अवस्थी आज ग्राम पंचायत कशलोग के गांव नेवड़ी में भागीरथ शर्मा द्वारा 4.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 1 मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना का शुभारंभ करने के उपरान्त जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान समय में नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग समय की आवश्यकता है। सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी सहायता मिलेगी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों को विकसित करने के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई है, जिसका लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा गाय व भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई बढ़ौतरी, प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली फसलों जैसे मक्की, गेंहू व हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों व पशुपालकों को उत्पादों के सही दाम मिल रहे है।

उन्होंने महिला मंडल भवन नेवड़ी तथा गांव खाली में वर्षा शालिका के निर्माण के लिए संबंधित विभाग द्वारा तैयार किए गए प्राकलन के अनुसार आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने गांव नेवड़ी के लिए 15 सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने तथा महिला मंडल कशलोग और महिला मंडल नेवड़ी को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इसके उपरांत विधायक ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कशलोग के प्रधान नरेश कुमार, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के जयसिंह, वेदप्रकाश शर्मा, इंदर दत्त शर्मा, तुलसीराम शर्मा, जय शर्मा, बाबूराम बंसल, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधीशाषी अभियंता कृष्ण कान्त चौहान, तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल शर्मा व पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय लोग तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक