शिमला में साथ रहने वाले दोस्तों पर ही हत्या का आरोप, खेत में गड्ढे में दबा मिला युवक का श..व
शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में सामने आई एक खौफनाक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कुछ दिन पहले लापता हुए 25 वर्षीय युवक का शव बसंतपुर के पास एक खेत के कोने में गड्ढे में दबा हुआ मिला है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस जांच में हत्या का आरोप उसी युवक के साथ रहने वाले तीन साथियों पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम प्रवेश राम उर्फ कुटुम्ब (25) निवासी जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है। वह अपने तीन साथियों अरुण, विकेश कुमार और महेश कुमार के साथ शिमला जिले के बसंतपुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर भवन निर्माण कार्य करता था। ये सभी युवक बिहार के मूल निवासी थे और मजदूरी कर अपनी आजीविका चला रहे थे।इस पूरे मामले की शुरुआत 15 मार्च को हुई थी, जब मृतक के पिता चतुरी राम ने थाना सुन्नी में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा अपने तीन साथियों के साथ लापता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बसंतपुर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई भी मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान जब तीनों साथी भी गायब मिले तो मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान बसंतपुर से सुन्नी मार्ग की ओर झाड़ियों में एक बोरा और कम्बल फेंका हुआ मिला। पास ही सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जंगल से लगे खेत के कोने में ताजा खुदाई के निशान दिखाई दिए। जब पुलिस ने उस स्थान को खोदा तो वहां से युवक का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
22 मार्च को सुन्नी पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेजा। स्थानीय लोगों और मकान मालिक ने शव की पहचान राम प्रवेश राम के रूप में की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके साथ रहने वाले साथियों ने ही की और शव को खेत में दबाकर छिपाने की कोशिश की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले ही अपहरण से जुड़ा मामला दर्ज किया जा चुका था और अब हत्या की आशंका के आधार पर जांच और तेज कर दी गई है। तीनों आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पूरे मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
![]()
