साधुपुल के जंगलों में भड़की आग, धुएं से दो स्कूली बच्चे बेहोश
सोलन जिले के साधुपुल क्षेत्र के जंगलों में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार दोपहर के समय जंगलों में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग के साथ उठने वाला घना धुआं आसपास के क्षेत्रों में फैल गया, जिससे पास स्थित एक स्कूल भी प्रभावित हुआ।
धुएं के कारण स्कूल के दो बच्चे अचानक बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
स्कूल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
हालांकि इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन जंगलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि गर्मियों का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ऐसे में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
![]()
