Third Eye Today News

ढाई वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौ..त, सौतेला पिता ह.त्या के आरोप में गिरफ्तार

Spread the love

 ग्राम पंचायत सलोगड़ा के बालुघाटी क्षेत्र में ढाई वर्ष के नेपाली मूल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 01.03.2026 को श्रीमती सरोज चौहान, प्रधान ग्राम पंचायत सलोगड़ा, ने थाना सदर सोलन में सूचना दी कि बालुघाटी, सलोगड़ा में लगभग 2.5 वर्ष के एक बच्चे की गिरने से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन की टीम मौके पर पहुंची। वहां तारा देवी पत्नी राजेन्द्र, उम्र 24 वर्ष, हाल निवासी सलोगड़ा, अपने वर्तमान पति राज थापा के साथ मौजूद मिली। मौके पर उसके पुत्र प्रवीण (उम्र लगभग 2.5 वर्ष) का शव पाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में बताया गया कि दिनांक 28.02.2026 को सायं लगभग 5 बजे बच्चा क्वार्टर के आंगन में खेलते समय गिर गया था। उसे उपचार हेतु क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पुनः सलोगड़ा लाया गया। 01.03.2026 को जब शव को दफनाने के लिए ले जाया जा रहा था, तब ग्रामीणों ने संदेह व्यक्त करते हुए पंचायत प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

इसी बीच दिनांक 02.03.2026 को मृतक के पिता राजेन्द्र महत ने थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व उनका विवाह तारा देवी से हुआ था और उनसे पुत्र प्रवीण हुआ। वर्ष 2025 में तारा देवी पुत्र को साथ लेकर घर छोड़ गई थी और बाद में राज थापा के साथ रहने लगी। फरवरी 2026 में वह अपने पुत्र को कोटखाई ले गए थे, परंतु तारा देवी पुनः उसे लेकर सलोगड़ा लौट आई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 फरवरी को उन्होंने पड़ोसी सपना के माध्यम से पुत्र का हालचाल पूछा था और शाम को सूचना मिली कि बच्चे की मृत्यु हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सक द्वारा मौखिक रूप से बताया गया कि मृत्यु सामान्य प्रतीत नहीं हो रही है, जिस पर पिता ने आशंका जताई कि राज थापा ने रंजिशवश उसके पुत्र की गला एवं छाती दबाकर हत्या की है।

मामले में थाना सदर सोलन में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण एसएफएसएल जुन्गा की टीम द्वारा भी किया गया। शव को पोस्टमार्टम हेतु क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से Indira Gandhi Medical College (आईजीएमसी) शिमला रेफर किया गया, जहां पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अन्वेषण के दौरान पुलिस ने दिनांक 02.03.2026 को आरोपी राज थापा (उम्र 32 वर्ष), हाल निवासी सलोगड़ा, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज दिनांक 03.03.2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मृतक का सौतेला पिता था तथा लगभग 10-12 दिन पूर्व बालक के पालन-पोषण और अभिरक्षा को लेकर विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया जांच में रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले की गहन जांच हर पहलू से की जा रही है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक