Third Eye Today News

रोहड़ू में नेपाली मजदूर की हत्या, पब्बर नदी किनारे हाथ-पांव बंधे मिला श..व

Spread the love

शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र में नेपाली मूल के एक मजदूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पब्बर नदी किनारे बंधे हाथ-पांव के साथ उसका शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

      पुलिस के अनुसार 18 फरवरी को थाना चिड़गांव के अंतर्गत बडियारा क्षेत्र में पब्बर नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव की पहचान नेपाल निवासी राकेश प्रताप (36) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से यहां मजदूरी कर रहा था। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं और उसके हाथ-पांव कपड़े से बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।

यह मामला दीपेंद्र निवासी गांव दिसवानी के बयान पर दर्ज किया गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी की सुबह वह बडियारा पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पब्बर नदी के किनारे खिलोचा नाले के पास बड़ी संख्या में कौवे मंडराते दिखे। शक होने पर पास जाकर देखा तो एक व्यक्ति पीठ के बल पड़ा मिला, जिसके सिर के पास खून फैला हुआ था और हाथ-पांव बंधे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

      स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक को 17 फरवरी की शाम नेपाल मूल के दो अन्य व्यक्तियों के साथ देखा गया था। बताया जा रहा है कि मृतक ने उनके साथ शराब भी पी थी, जिसके बाद वह लापता हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनमें मृतक दो संदिग्ध व्यक्तियों के साथ नजर आया है।

     घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से मौके का निरीक्षण करवाया और सभी साक्ष्य सुरक्षित कब्जे में लिए। डॉग स्क्वॉड से भी घटनास्थल का मुआयना कराया गया है। पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं तथा सघन तलाशी अभियान जारी है।

      एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस थाना चिड़गांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक