Third Eye Today News

हिमाचल में महिला पर्यटकों की अब महिलाएं ही करेंगी मेजबानी, शी टूरिस्ट पॉलिसी बनेगी

Spread the love

हिमाचल में महिला सैलानियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार महिला केंद्रित पर्यटन नीति (शी टूरिस्ट पॉलिसी) तैयार करने जा रही है। इस नीति का उद्देश्य अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है। इसमें महिला पर्यटकों की मेजबानी अब महिलाएं करेंगी। पर्यटन विभाग ने शुक्रवार को इस बारे में पर्यटन कारोबारियों, होटल संचालकों, होम स्टे मालिकों और अन्य हितधारकों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें सुझाव मांगे गए हैं। बैठक में महिला पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वन स्टॉप हेल्प डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जहां सुरक्षा, मार्गदर्शन और आपात सहायता मिलेगी। नीति के तहत विभाग होम स्टे का सत्यापन करेगा और महिला गाइड व महिला टैक्सी ऑपरेटरों का अलग नेटवर्क विकसित होगा। इससे महिला पर्यटकों को सुरक्षित परिवहन और प्रमाणित ठहरने की सुविधा मिलेगी। महिला उद्यमियों को पर्यटन क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं भी शामिल की जाएंगी। अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या में पिछले पांच वर्षों में 12 गुना से अधिक वृद्धि हुई है। महिला केंद्रित पर्यटन नीति बनने से हिमाचल स्वतंत्र रूप से घूमने की इच्छुक महिलाओं के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरेगा। इसके तहत होम स्टे और होटलों के लिए कड़े सुरक्षा नियम जैसे सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड, अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन होगी। अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए विशेष पैकेज के तहत योग रिट्रीट, एडवेंचर ट्रैक बनाना प्रस्तावित है।महिला केंद्रित पर्यटन नीति का उद्देश्य सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी सुझावों पर विचार कर व्यावहारिक और प्रभावी नीति बनाई जाएगी। इस पहल से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और हिमाचल को एक सुरक्षित पर्यटन गंतव्य के रूप में ब्रांडिंग करने में मदद मिलेगी ।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक