हिमाचल में घुसने की कोशिश कर रहे पंजाब के रिटायर्ड डीजीपी को पुलिस ने वापिस भेजा

पंजाब के रिटायर्ड डीजीपी सहित तीन लोग आज सुबह-सवेरे हिमाचल प्रदेश में घुसने की कोशिश करते पकड़े गए। तीनों हिमाचल के करसोग में जाने की फिराक में थे। मगर उन्हें वापस मोहाली लौटा दिया गया। वह बिना परमिट के करसोग जाना चाह रहे थे, इसके लिए उन्होंने भारी जद्दोजहद भी की। इन्होने एसपी बिलासपुर पर भी दबाव बनाने की पूरी कोशिश की।


मिली जानकारी के अनुसार मामला आज तड़के चार बजे का है,जब रिटायर्ड डीजीपी सुमेध सिंह सैणी अपने दो अन्य साथियों के साथ हिमाचल के प्रवेश द्वार स्वारधाट पर आ धमके। वह मोहाली से सफर कर यहां तक पहुंच गए थे और करसोग जाना चाहते थे। जब उन्हें प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया तो उन्होंने एसपी बिलासपुर को फोन कर आगे जाने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने एसपी से कहा कि उन्हें मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में जाना है और उन्हें जाने दिया जाए। लेकिन एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने उन्हें नियमों का हवाला देकर स्पष्ट इनकार कर दिया कि उन्हें किसी भी सूरत में हिमाचल की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जा सकता है।


