Third Eye Today News

हिमाचल में उधार के पैसे वापस मांगने पर चली गो.ली, बाल-बाल बचा युवक

Spread the love

शिमला जिले के रामपुर उपमण्डल के झाखडी थाना क्षेत्र में उधार के पैसों को लेकर हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत उस समय हुई जब शिकायतकर्ता राजेश डोगरा, निवासी गांव कोटी (तहसील रामपुर), ने अपने परिचित सुरेश कुमार शर्मा से पहले दिए गए उधार के रुपये वापस मांगे थे। इसी लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि रविवार को वह अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पीयूष के साथ एक अल्टो कार में गांव शनेरी से अपने घर कोटी लौट रहा था। दोपहर करीब 11:30 बजे जब वे डोई गॉड (नाला) के पास पहुंचे तो वहां सुरेश कुमार शर्मा से उनकी मुलाकात हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई।

शिकायत के मुताबिक सुरेश कुमार ने अपनी गाड़ी में रखा एक हथियार निकाला और राजेश पर गोली चला दी। उस समय राजेश अपनी कार में बैठा हुआ था। गोली चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के शीशे से टकराई, जिससे शीशा टूट गया और उसका एक कण राजेश को लगा। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेश कुमार शर्मा को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को  रामपुर की माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

मामले की जांच के लिए एसएफएसएल जुन्गा की विशेषज्ञ टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में विस्तृत पूछताछ जारी है और उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में पुलिस थाना झाखड़ी में  भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 351(2) तथा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक