हिमाचल के उद्योगों को रात के समय सस्ती मिलेगी बिजली

Spread the love

कोरोनाकाल में हिमाचल प्रदेश के उद्योगों को बड़ी राहत देते हुए रात के समय प्रयोग होने वाली बिजली को सस्ता किया गया है। 70 पैसे प्रति यूनिट बिजली की दर को 30 पैसे घटाकर अब 40 पैसे किया गया है। पीक आवर्स में 6.10 रुपये प्रति यूनिट शुल्क को भी 50 पैसे घटाकर 5.60 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा 18 लाख से अधिक घरेलू, व्यावसायिक और कृषि उपभोक्ताओं को भी दाम न बढ़ाकर राहत दी गई है।

बीते वर्ष तय हुई बिजली दरें ही इस वर्ष भी लागू रहेंगी। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2021-22 के लिए बिजली दरें जारी कर दी हैं, जो 1 जून से लागू हो जाएंगी। राज्य सरकार की ओर से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली देने के लिए इस वित्तीय वर्ष में बिजली बोर्ड को 424.74 करोड़ की सब्सिडी दी गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में इसकी घोषणा की थी।


इसी कड़ी में आयोग ने सभी पक्षों की सुनवाई करने के बाद कोरोना संकट को देखते हुए घरेलू बिजली को महंगा नहीं करने का फैसला लिया है। आयोग ने बिजली बोर्ड को इस वित्तीय वर्ष में 6080.88 करोड़ की आय होने का अनुमान लगाया है। आयोग ने बीते दिनों बिजली दरें तय करने के लिए ऑनलाइन जन सुनवाई की थी। इस दौरान सभी वर्गों के उपभोक्ताओं ने बिजली महंगी नहीं करने की वकालत की थी।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए लागू होंगी ये दरें
स्लैब                        यूनिट                   दाम रुपये में
लाइफलाइन उपभोक्ता      0-60                       1.00
पहला                       0-125                      1.55
दूसरा                        0-125                      1.55
दूसरा                        126-300                   3.95
तीसरा                        0-125                     1.85
तीसरा                       126-300                   3.95
तीसरा                        300 से अधिक             5.00
प्रीपेड मीटर                   ——–                  3.95 (प्रति यूनिट)

एक जून के बाद उत्पादन शुरू करने वाले उद्योगों पर 15 फीसदी कम लगेगा बिजली शुल्क
प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए आयोग ने एक जून 2021 से उत्पादन शुरू करने वाले उद्योगों को निर्धारित किए गए एनर्जी शुल्क पर आगामी तीन वर्षों तक 15 फीसदी की कमी करने का फैसला लिया है। इसके अलावा एक जून के बाद उद्योगों का विस्तार करने वालों को भी आगामी तीन वर्षों के दौरान 15 फीसदी एनर्जी शुल्क कम देना होगा।

 

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक