




नादौन विधानसभा सीट उन चुनिंदा विधानसभा सीटों में से एक है जहाँ के चुनावी नतीजों को लेकर इस बार प्रदेश में सबकी नज़रे टिकी हुई है। दरअसल, नादौन कांग्रेस के दिग्गज नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू की विधानसभा सीट है। इस बार सुक्खू के समर्थक उन्हें भावी सीएम कैंडिडेट के तौर पर प्रोजेक्ट कर रहे है। भाजपा ने इस बार फिर विजय अग्निहोत्री को ही मैदान में उतारा है, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी शैंकी ठुकराल ने भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा है। पिछले कुछ चुनावी नतीजों पर नज़र डाले तो 2003 से अब तक सुखविंद्र सिंह सुक्खू जीत तीन बार जीत चुके है, केवल 2012 के विधानसभा चुनाव में विजय अग्निहोत्री ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को 6750 मतों के अंतर से हराया था। इस बार फिर सुक्खू जीत को लेकर आश्वस्त है। सनद रहे कि सुक्खू ने भावी सीएम के टैग के साथ चुनाव लड़ा है और इसका लाभ भी उन्हें मिलता दिख रहा है। बहरहाल, जनदेश ईवीएम में कैद है और सभी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे है।