स्कूल के काम से परेशान मुख्याध्यापक ने फंदा लगाकर दी जान
सूबे में आए दिन लोग आत्महत्या जैसे खौफनाक कदम उठा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में आत्महत्या का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कांगड़ा के बैजनाथ में आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां राजकीय उच्च पाठशाला हरेड़ के मुख्याध्यापक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। 
मृतक राकेश कुमार राजकीय उच्च विद्यालय हरेड़ में मुख्य अध्यापक के पद पर तैनात थे। शनिवार को भी विद्यालय में गए थे, परंतु जब शाम को घर नहीं लौटे तो उनके परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस थाना में भी उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने राकेश कुमार की तलाश शुरू कर दी। मोबाइल ट्रैक करने के बाद राकेश की लोकेशन जंगल में मिली। वहां जाकर देखा तो राकेश का शव चील के सूखे पेड़ में लटका पाया गया। शव को सिविल हास्पिटल बैजनाथ में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि वह स्कूल के कार्य से परेशान था। रात को नींद भी नहीं आती थी, इसलिए मौत को गले लगा लिया।




