सोलन जिला से कोरोना संक्रमण जांच के लिए आज भेजे गए 47 सैम्पल

सोलन जिला से कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए आज 47 व्यक्तियों के रक्त नमूने जांच के लिए केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली भेजे गए। यह जानकारी आज यहां जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने दी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि इन 47 सैम्पल में से 07 सैम्पल क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से, 38 सैम्पल नालागढ़ तथा बद्दी से, 01 सैम्पल नागरिक अस्पताल अर्की तथा 01 सैम्पल ईएसआई परवाणू से लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस के खतरे के दृष्टिगत 647 व्यक्तियों को स्वास्थ्य निगरानी में रखा गया है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सोलन जिला के बद्दी व झाड़माजरी में एक्टिव केस फाइडिंग अभियान के द्वितीय चरण के तहत गत दिवस 1254 परिवारों के 5870 व्यक्तियों की घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित बनाई गई। उन्होंने कहा कि यह कार्य 23 टीमों द्वारा किया जा रहा है। डॉ. एनके गुप्ता ने आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुखाम, सांस में दिक्कत जैसी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है तो उसे समीप के स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र अपनी जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस जांच से कोविड-19 के संक्रमण के बारे में जानकारी मिल सकती है। यह जानकारी इस महामारी की रोकथाम में विशेष रूप से सहायक है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि कोविड-19 को नियन्त्रित करने के लिए सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा और यह सुनिश्चित बनाना होगा कि चिकित्सालयों तथा घर पर आने वाली स्वास्थ्य टीमों को सही जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर जाएं तथा बिना मास्क के घर से बाहर न निकलेें और सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें। इस सम्बन्ध में किसी भी सहायता के लिए हैल्पलाईन नम्बर 104 तथा दूरभाष नम्बर 221234 पर सम्पर्क किया जा सकता है।



