वीरभद्र को श्रद्धांजलि देने के लिए आज एक मंच पर होंगे कांग्रेसी, कई दिग्गज शिमला पहुंचे
छह बार के मुख्यमंत्री, 9 बार के विधायक और 5 बार सांसद रहे वीरभद्र सिंह को सोमवार को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेसी एक मंच पर होंगे। कई दिग्गज शिमला पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में कांग्रेसी एकजुटता का संदेश भी देंगे। इस साल के अंत में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम में 10,000 लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। रिज मैदान पर 7,000 कुर्सियां लगाई गई हैं। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन एक माह से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है। मुख्यमंत्री भी आयोजन की तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वीरभद्र सिंह के चाहने वाले ढोल-नगाड़ों के साथ रिज मैदान पर पहुंचंगे। नगर निगम के मेयर और पार्षदों के अलावा रामपुर, रोहड़ू, शिमला ग्रामीण और ठियोग विधानसभा क्षेत्र को कार्यक्रम में लोगों को पहुंचाने का जिम्मा सौंपा गया है।
कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के लिए धाम की भी व्यवस्था की जा रही है। इस साल जून माह में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में स्थापित कर दी गई थी। अनावरण के लिए सबसे पहले वीरभद्र सिंह के जन्मदिन 23 जून का दिन तय किया गया, लेकिन कार्यक्रम स्थगित हो गया। इसके बाद 15 जुलाई को कार्यक्रम तय हुआ, लेकिन आपदा के चलते कार्यक्रम फिर स्थगित हो गया था।
वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे। 1962 में पहली बार लोकसभा सांसद बने और उन्होंने 13 चुनाव लड़े। उन्होंने केंद्र में इस्पात, उद्योग, पर्यटन और लघु उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य किया। 47 वर्षों के राजनीतिक जीवन में वह नौ बार विधायक और पांच बार सांसद रहे। आधुनिक हिमाचल के निर्माता कहे जाने वाले वीरभद्र सिंह ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 8 जुलाई 2021 को उन्होंने शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली।