Third Eye Today News

सुक्‍खू ने वीरभद्र सिंह के जज्‍बे को किया सलाम, बोले- उन्हीं से सीखे राजनीतिक गुर, पोस्‍टर से फोटो थी गायब

Spread the love

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अभिनंदन समारोह में भीड़ जुटाकर पार्टी नेताओं को अपनी सियासी ताकत का अहसास करवाया। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में इतनी ज्यादा भीड़ पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय में जुटती थी। सुक्खू को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के राजनीतिक विरोधी माना जाता था। जुबानी हमलों के अलावा दोनों एक-दूसरे पर कई बार सार्वजनिक मंचों से तीखे हमले भी करते थे। इस बार उन्होंने राजनीतिक परिपक्वता दिखाई। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह से उनका कोई मतभेद नहीं था। वीरभद्र सिंह के जज्बे को वह आज भी सलाम करते हैं। राजनीतिक गुर उन्हीं से सीखे हैं।

वीरभद्र सिंह भी उन्हें बच्चे की तरह प्यार करते थे। कभी कोई मनमुटाव वाली स्थित नहीं हुई। वीरभद्र सिंह साहसी व्यक्ति थे। विधानसभा चुनावों में प्रचार की कमान उन्हीं के पास होती थी। वहीं, सुक्खू के स्वागत समारोह के लिए पार्टी मुख्यालय में लगे पोस्टरों से वीरभद्र सिंह की फोटो गायब दिखी। यह पोस्टर खासी चर्चा का विषय बना रहा। इसको लेकर पूछे सवाल के जवाब में सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह लोगों के दिल में समाए हैं

सुक्खू का पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिमला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। प्रदेशभर से कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए गाडिय़ों में शिमला पहुंचे थे। सुक्खू तीन बजे के करीब पुराने बस अड्डे पहुंचे। उनके समर्थक भी उनके साथ गाडिय़ों में आए। पूरा काफिला कार्ट रोड से होते हुए पार्टी कार्यालय की ओर बढ़ा। हालत ये थी कि पुराने बस अड्डे से लेकर लिफ्ट तक सड़क पर लंबा जाम लग गया। पार्टी कार्यालय राजीव भवन से 500 मीटर पीछे से सुक्खू गाड़ी से उतर कर पैदल चले। ढोल नगाड़ों के साथ सुक्खू का जोरदार स्वागत किया गया। हालत यह थी कि 15 से 20 मिनट तक कार्ट रोड पर जाम लगा रहा। दर्जनों गाडिय़ां दोनों तरफ फंसी रही। पुलिस को यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे गाडिय़ों को पार्किंग में सुरक्षित स्थान पर पार्क करें ताकि लोगों को किसी भी तरह की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं की काफी भीड़ थी। मुख्य हाल पूरी तरह भर गया था। हालत ये थी कि कार्यकर्ताओं को अंदर खड़े होने के लिए जगह भी नहीं बची थी। कुछ कार्यकर्ता बाहर सीढिय़ों पर ही संबोधन सुनते रहे। भीड़ ज्यादा देख सुक्खू ने अपना संबोधन शुरू किया। अन्य किसी भी नेता का संबोधन नहीं हुआ।

 

Vishal Verma

20 वर्षों के अनुभव के बाद एक सपना अपना नाम अपना काम । कभी पीटीसी चैनल से शुरू किया काम, मोबाईल से text message के जरिये खबर भेजना उसके बाद प्रिंट मीडिया में काम करना। कभी उतार-चड़ाव के दौर फिर खबरें अभी तक तो कभी सूर्या चैनल के साथ काम करना। अभी भी उसके लिए काम करना लेकिन अपने साथियों के साथ third eye today की शुरुआत जिसमें जो सही लगे वो लिखना कोई दवाब नहीं जो सही वो दर्शकों तक