सीमा में तनाव खत्म करने के लिए भारत और चीन के बीच पांच सूत्रीय फार्मूले पर बनी सहमति
मास्को में विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच चली वार्ता के बाद शुक्रवार तड़के सुबह दोनो देशों ने जो संयुक्त साझा बयान जारी कर सैन्य तनाव शीघ्र खत्म करने की बात कही है। दोनों मंत्रियों के बीच सैन्य तनाव खत्म करने के लिए पांच सूत्रीय फार्मूले पर सहमति बनी है। संयुक्त घोषणा पत्र में पहला फार्मूला यह है कि मौजूदा तनाव को भी पूर्व में दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच बनी सहमति और आपसी मतभेद को बड़े विवाद में तब्दील नहीं करने के वादे के मुताबिक सुलझाया जाएगा। दूसरा फार्मूला है कि, पूर्वी लद्दाख का तनाव दोनों देशों के परस्पर हित के मुताबिक नहीं है। ऐसे में दोनों देशों की सेनाओं के बीच बातचीत जारी रहनी चाहिए, ताकि तनाव दूर हो सके व सैनिकों की वापसी हो सके।
तीसरा फार्मूला चीन-भारत सीमा विवाद को सुलझाने के लिए मौजूदा समझौतों को पालन करने को लेकर है। दोनो देश ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जो सीमा विवाद को बिगाड़े। चौथा, सीमा विवाद का हल निकालने के लिए विशेष प्रतिनिधि स्तर की बातचीत को जारी रखी जाएगी। सनद रहे कि यह बातचीत एनएसए अजीत डोभाल व विदेश मंत्री वांग यी की अगुवाई में होती है। पांचवा फार्मूला यह है कि, जैसे ही तनाव कुछ कम होगा दोनो देश विश्वास बहाली के लिए कुछ और ठोस कदम उठाएंगे ताकि शांत-अमन बहाल हो सके।



