सिरमौर पहुंचेगा दिव्य ज्योति कलश, 3-4 अक्तूबर को नाहन में होगा दीप यज्ञ व 5 कुण्डीय गायत्री यज्ञ
शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में दिव्य ज्योति कलश 03 अक्तूबर को सिरमौर जिला पहुंचेगा। इस अवसर पर गायत्री परिवार ट्रस्ट नाहन की ओर से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 03 अक्तूबर को सायं 05:00 बजे दिव्य ज्योति कलश का भव्य स्वागत गायत्री शक्तिपीठ, यशवंत विहार नाहन में किया जाएगा। स्वागत उपरांत सायं 06:00 बजे से 08:00 बजे तक भव्य दीप यज्ञ का आयोजन भी होगा।गायत्री परिवार से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि दीप यज्ञ का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मकता का संचार करना है। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालु सामूहिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे। इसके अलावा 04 अक्तूबर 2025 को प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक पांच कुण्डीय गायत्री यज्ञ का आयोजन हिंदू आश्रम नाहन में किया जाएगा। इस यज्ञ में विद्वान आचार्यगण द्वारा वेद मंत्रों के साथ विधिवत अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा।गायत्री परिवार ट्रस्ट नाहन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और संस्थान के सदस्यों सहित इस आयोजन में भाग लेकर पुण्य के भागीदार बनें। ट्रस्ट का मानना है कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण होता है।